Sukhadia Circle Udaipur, इसमें उदयपुर के सुखाड़िया सर्किल गार्डन और बोटिंग के बारे में जानकारी दी गई है।
यूँ तो उदयपुर में अनेक दर्शनीय स्थल मौजूद है लेकिन अगर आपने सुखाड़िया सर्किल को नहीं देखा तो समझ लीजिये कि आपकी उदयपुर की यात्रा अधूरी ही रह गई है।
सुखाडिया सर्किल देखने में कोई बहुत बड़ी जगह नहीं है लेकिन फिर भी पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय निवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण है। इसे आप उदयपुर की चौपाटी भी कह सकते हैं।
सुखाडिया सर्किल उदयपुर के पंचवटी क्षेत्र में स्थित है जिसकी रेलवे स्टेशन से दूरी लगभग साढ़े चार किलोमीटर है। यहाँ से पास में ही सहेलियों की बाड़ी एवं फतेहसागर झील मौजूद है।
कहने को तो यह एक पार्क है लेकिन ये पार्क अपने आप में अनोखा है और मुख्य सड़क के बीचों-बीच स्थित है। यह एक गोलाकार आकृति में बना हुआ घना हरा पार्क है जिसके अन्दर गोलाई लिए हुए एक छोटा तालाब स्थित है।
इस तालाब के बीचों-बीच में लगभग 21 फीट ऊँचा फव्वारा स्थित है। यह फव्वारा तीन मंजिला यानी तीन तलों में बना हुआ है। गेहूँ की पकी हुई बाली नुमा (wheat-ear motif) आकृति वाला यह फव्वारा समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
इस पार्क का निर्माण वर्ष 1968 में हुआ था एवं इसे पब्लिक के लिए वर्ष 1970 में खोल दिया गया था। पार्क का नाम राजस्थान के मुख्यमंत्री उदयपुर निवासी मोहनलाल सुखाडिया के नाम पर रखा गया। वर्तमान में यह पार्क सुखाड़िया सर्किल के नाम से काफी प्रसिद्ध है।
इस तालाब में बोटिंग का मजा अपने आप में काफी अनूठा है। बोटिंग के चार्जेज भी ज्यादा नहीं है। पर्यटक जब पेडल बोट में बैठकर इस तालाब में चारों तरफ चक्कर लगाते हैं तो इनके चेहरे खुशी से खिल उठते हैं।
बोटिंग के बाद में गार्डन में बैठकर इसकी हरियाली के साथ-साथ यहाँ की प्राकृतिक सुन्दरता को निहारने से मन खुशी से भर उठता है। बोटिंग के अलावा यहाँ पर ऊँट और घोड़े की सवारी भी एक प्रमुख आकर्षण है।
गार्डन के चारों तरफ जूस, चाट और फ़ास्ट फ़ूड की स्टाल और दुकानें स्थित है जहाँ पर खाने पीने का मजा लिया जा सकता है।
इस स्थान का आकर्षण बड़ों के साथ-साथ बच्चों में भी काफी है। अगर आप उदयपुर के भ्रमण पर जा रहे हैं तो आपको सुखाडिया सर्किल अवश्य देखना चाहिए।
सुखाड़िया सर्किल की मैप लोकेशन - Map Location of Sukhadia Circle
सुखाड़िया सर्किल का वीडियो - Video of Sukhadia Circle
सोशल मीडिया पर हमसे जुड़ें (Connect With Us on Social Media)
डिस्क्लेमर (Disclaimer)
इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य सूचना एवं जागरूकता के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। यह जानकारी विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन स्रोतों, उपलब्ध सूचनाओं तथा लेखक के अध्ययन के आधार पर तैयार की गई है। यद्यपि जानकारी को यथासंभव सही एवं उपयोगी रखने का प्रयास किया गया है, इसकी सटीकता, पूर्णता एवं विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती।
पाठक इस जानकारी को केवल सामान्य सूचना के रूप में लें और किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय या उपयोग से पहले संबंधित आधिकारिक स्रोत से इसकी पुष्टि अवश्य करें। इस लेख में दी गई जानकारी के उपयोग से होने वाले किसी भी परिणाम की जिम्मेदारी पाठक/उपयोगकर्ता की स्वयं की होगी।
