Jagat Shiromani Mandir Udaipur, इसमें उदयपुर शहर का खजुराहो कहे जाने वाले जगत शिरोमणि मंदिर के बारे में जानकारी दी गई है।
उदयपुर में सिटी पेलेस के मुख्य दरवाजे के पास जगत शिरोमणी नाम का एक ऐसा मंदिर है जिसमें कामकला को प्रदर्शित करती हुई ऐसी शानदार कलात्मक मूर्तियाँ हैं जिनकी वजह से इसे उदयपुर का खजुराहो कहा जाता है।
सड़क से सीढ़ियाँ चढ़ते ही मुख्य दरवाजे के आगे तीन मंदिर हैं जिनमें सबसे बीच वाला मंदिर जगत शिरोमणि मंदिर है। जगत शिरोमणि मंदिर के एक तरफ श्री श्याम सुन्दर जी और दूसरी तरफ श्री वृन्दावन चन्द्रमा जी का मंदिर है।
भगवान कृष्ण को समर्पित इस मंदिर का निर्माण मेवाड़ के महाराणा स्वरूप सिंह ने अपनी कृष्ण भक्त रानी बाघेली जी के लिए करवाया था। मंदिर के गर्भगृह में भगवान कृष्ण के साथ राधाजी की मनमोहक प्रतिमा मौजूद है।
सभामंडप के अंदर काले पत्थर के दो शिलालेख मौजूद हैं जिन पर संस्कृत भाषा में मंदिर के इतिहास के साथ उस समय के समाज के बारे में जानकारी दी गई है।
मंदिर के बाहरी भाग में चारों तरफ कलात्मक मूर्तियों की भरमार है जिनसे उस समय के समाज की धार्मिक, आर्थिक और सांस्कृतिक स्थिति की जानकारी मिलती है।
ये मूर्तियाँ नर्तकियों और अप्सराओं की बड़ी मूर्तियों के नीचे मूर्तियों की पट्टिका के रूप में मौजूद हैं जो साइज में थोड़ी छोटी हैं।
इन मूर्तियों में भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े कई पहलुओं के साथ राम-दरबार, शिव-पार्वती, विष्णु, सूर्यदेव, श्रवण कुमार और तपस्वियों की मूर्तियाँ मुख्य हैं।
इसके साथ इन मूर्तियों में कुछ मूर्तियाँ कामकला को भी दर्शाती हैं। कामकला को प्रदर्शित करती इन मूर्तियों को अगर आप सरसरी नजर से देखेंगे तो ये शायद आपको नजर ना आए क्योंकि ये अलग से नहीं लगी हुई है।
ये मूर्तियाँ सामाजिक जीवन को दर्शाती हुई प्रतिमाओं के बीच में ही मौजूद हैं जिन्हे देखने के लिए आपको इन सभी प्रतिमाओं को ध्यान से देखना होगा। इसके अलावा पारिवारिक जीवन, स्त्री-पुरुष, पहलवान, नर्तकी, शिकार आदि से संबंधित प्रतिमाएँ भी मौजूद है।
अगर आप कलात्मक मंदिरों को देखने में रुचि रखते हैं तो आपको उदयपुर के इस मंदिर को जरूर देखना चाहिए।
जगत शिरोमणी मंदिर की मैप लोकेशन - Map location of Jagat Shiromani Mandir Udaipur
जगत शिरोमणी मंदिर का वीडियो - Video of Jagat Shiromani Mandir Udaipur
सोशल मीडिया पर हमसे जुड़ें (Connect With Us on Social Media)
डिस्क्लेमर (Disclaimer)
इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य सूचना एवं जागरूकता के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। यह जानकारी विभिन्न ऑनलाइन एवं ऑफलाइन स्रोतों, उपलब्ध सूचनाओं तथा लेखक के अध्ययन के आधार पर तैयार की गई है। यद्यपि जानकारी को यथासंभव सही एवं उपयोगी रखने का प्रयास किया गया है, इसकी सटीकता, पूर्णता एवं विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती।
पाठक इस जानकारी को केवल सामान्य सूचना के रूप में लें और किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय या उपयोग से पहले संबंधित आधिकारिक स्रोत से इसकी पुष्टि अवश्य करें। इस लेख में दी गई जानकारी के उपयोग से होने वाले किसी भी परिणाम की जिम्मेदारी पाठक/उपयोगकर्ता की स्वयं की होगी।
